यमुना में नहाने उतरे दो चचेरे भाई डूबे, बच्चे को बचाया, युवक की तलाश जारी

-सूचना पर मौक़े पर पहुँचे एसडीएम व सीओ
कैराना। यूपी-हरियाणा सीमा पर यमुना ब्रिज के पास शनिवार सुबह स्नान करते समय दो चचेरे भाई गहरे पानी में डूब गए। दोनों को डूबता देख परिजनों ने शोर मचाया। मौके पर मौजूद तैराकों ने नौ वर्षीय विवेक को बाहर निकाल लिया, लेकिन उसका 18 वर्षीय चचेरा भाई विमल तेज बहाव में लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ यमुना में उतरकर लापता युवक की तलाश शुरू कर दी।
बताया गया कि बरेली निवासी एक परिवार वर्तमान में हरियाणा के पानीपत में रह रहा है। शनिवार सुबह परिवार के लोग यमुना में स्नान करने के लिए कैराना पहुंचे थे। करीब साढ़े नौ बजे स्नान के दौरान नौ वर्षीय विवेक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका चचेरा भाई विमल भी यमुना में उतर गया। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे। दोनों को डूबता देख किनारे खड़े परिजनों ने शोर मचा दिया। मौके पर मौजूद इनाम अंसारी ने अपने भाई कुर्बान को बचाव के लिए भेजा। कुर्बान ने प्रयास कर विवेक को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन विमल का पता नहीं चल सका। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोर ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर यमुना में उतरे और विमल की तलाश शुरू की। परिजनों ने गोताखोरों के पहुंचने में देरी का आरोप लगाया, जिसके चलते उनकी चिंता बढ़ गई। कुछ देर बाद एसडीएम शिवाजी यादव, सीओ कैराना हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से हादसे की जानकारी ली। उन्होंने गोताखोरों को सर्च अभियान तेज करने के निर्देश दिए। विमल के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। यमुना किनारे ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुटी रही। देर शाम तक गोताखोर लापता युवक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।



