वोट चोरी के खिलाफ इंडिया गठबंधन आठ अक्टूबर को निकालेगा विशाल जुलूस

-गुरुग्राम शहर में विशाल जुलूस में शामिल होंगें गठबंधन दलों के नेता, कार्यकर्ता
गुरुग्राम। इंडिया गठबंधन ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए जन जागरुकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय कमान सराय में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर व जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने की। बैठक में इंडिया गठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे शहर में विशाल जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस कमान सराय कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर सदर बाजार, घंटेश्वर मंदिर रोड होते हुए लघु सचिवालय तक जाएगा। जुलूस के माध्यम से इंडिया गठबंधन भाजपा की कथित वोट चोरी और चुनावी धांधली को जन-जन तक पहुंचाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि वोट चोरी अब सार्वजनिक हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर विपक्ष के वोट काट रही है और फर्जी वोटर जोड़ रही है। कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में गरीब, दलित और प्रवासी मजदूरों के वोट काटे जा रहे हैं। सीपीआई (एम.) की जिला सचिव उषा सरोहा ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए वोटों की हेराफेरी कर रही है। सीपीआई (एम.) के नेता ईश्वर सिंह ने कहा कि चुनाव में धांधली लोकतंत्र की हत्या है। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) की प्रतिनिधि कोमल सिंह ने कहा कि वोट का अधिकार बाबा साहेब अंबेडकर ने कड़ी लड़ाई के बाद दिया है।
---------------------------------------------------------



