विधान परिषद चुनाव को लेकर बैठक हुई संपन्न

निर्वाचन व्यय, कानून-व्यवस्था एवं मीडिया मॉनिटरिंग पर रहेगी विशेष निगरानी
पायनियर । सोनभद्र
अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के संबंध में नोडल अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नामित नोडल अधिकारियों को उनके कार्य व दायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी प्रकार की सूचनाओं के सुचारु संचालन एवं कन्ट्रोल रूम प्रबंधन हेतु विनीत कुमार सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।इनके प्रमुख कार्य शिकायत प्रबन्धन, कन्ट्रोल रूम को 24 घंटे आपरेट कराना, 3 शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती कराना, कन्ट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों को रजिस्टर पर दर्ज करना तथा सम्बन्धित विभागों को प्रेषित कर उनसे अनुपालन रिपोर्ट तैयार करना है। निर्वाचन व्यय के अनुवीक्षण, लेखा-जोखा और विविध भुगतानों के पर्यवेक्षण हेतु इन्द्रभान सिंह,वरिष्ठ कोषाधिकारी, को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
समस्त समाचार पत्रों टीवी रेडियो केबिल के मानक रेट निर्धारित कराना, सहायक व्यय प्रेक्षकों एवं व्यय मॉनीटरिंग दल का प्रशिक्षण कराना, आयकर विभाग के साथ बैठक आयोजित करना, जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सामग्री आइटम्स की दरों का निर्धारण कराना, व्यय अनुवीक्षण हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्धारित दरों की जानकारी राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों को सूचित करना, प्रत्याशियों के साथ व्यय अनुवीक्षण संबंधी बैठक आयोजित करना, सेक्टर जोनल मजिस्ट्रेट, शासकीय हल्के के ड्राइवरों आदि को मानदेय यात्रा भत्ता उपलब्ध कराना। क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु वागीश कुमार शुक्ला अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मीडिया सर्टिफाइंग मॉनिटरिंग कमेटी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर विज्ञापनों तथा समाचारों के अनुवीक्षण हेतु रोहित यादव अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। पेड न्यूज पर पैनी निगाह रखना, पेड न्यूज एवं सोशल मीडिया से जुड़े मामलों का निस्तारण कराना, पेड न्यूज से संबंधित रिपोर्ट एवं आंकड़े लेखा टीम को उपलब्ध कराना होगा।
बैठक में न्यायिक अपर जिलाधिकारी रमेश चन्द्र, अपर जिला अधिकारी रोहित यादव, उप जिला अधिकारी ओबरा रवि पासवान, वरिष्ठ कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदोरिया, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



