भर्ती परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से हो संपन्न

प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण गंभीरता के साथ करें: मुख्य सचिव
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं तथा प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण गंभीरता के साथ करें।

मुख्य सचिव मंगलवार को यूपी में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी स्ट्रांग रूम के अंदर एवं बाहर सीसीटीवी कैमरे पूर्णत: क्रियाशील रहें तथा डबल लॉक, डबल गार्ड, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए। भर्ती बोर्ड द्वारा सीसीटीवी की लाइव फीड के माध्यम से सतत निगरानी की जाए। नोडल अधिकारी (प्रशासन) की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा दिवस पर निर्धारित सीरीज की गोपनीय सामग्री ही परीक्षा केंद्रों को उपलब्ध कराई जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी कार्मिकों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए तथा ई-केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य रूप से लागू रहे। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को छोड़कर किसी भी स्तर पर निजी व्यक्तियों की नियुक्ति न हो।

केंद्र व्यवस्थापक सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए बोर्ड द्वारा जारी पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति न दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 6 जून से 10 जून तक सभी परीक्षा केंद्रों का प्रतिदिन व्यापक सैनिटाइजेशन कराया जाए। परीक्षा कक्षों, परिसर, होल्डिंग एरिया, छत, गैलरी, सीढि़यों एवं वाशरूम सहित पूरे परिसर की मोबाइल फोन, कैमरा, ब्लूटूथ अथवा अन्य अवांछित सामग्री की दृष्टि से गहन जांच की जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा में नियुक्त सभी अधिकारी/कर्मचारी के मोबाइल (स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी पुलिस, केंद्र प्रभारी-कार्यदायी संस्था (परीक्षा संचालन) को छोड़कर आदि को बाहर रखवाया जाए।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं प्रमुख आवागमन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायी जाए। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छायादार प्रतीक्षास्थल, चिकित्सा सहायता एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाए। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की सफलता प्रत्येक स्तर पर सतर्कता एवं अनुशासन पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को भर्ती बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कोई भी लापरवाही न बरती जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस एवं ट्रैफिक बल को तैनात किया जाए। बैठक में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने जानकारी दी कि 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जनपदों के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रात: 10 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी। भर्ती परीक्षा के लिए कुल 28,86,797 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

Chief Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *