यूटीटी सीजन-7: एचवीआर कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने रोमांचक मुकाबले में यू मुंबा टीटी को हराया 

गोवा। एचवीआर कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने मंगलवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में खेले गए बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7, पावर्ड बाय चैटजीपीटी के रोमांचक मुकाबले में गत चैंपियन यू मुंबा टीटी को 8-7 से हराकर उसकी जीत की लय तोड़ दी। हालांकि हार के बावजूद यू मुंबा ने बेहतर गेम काउंट और अनुकूल समीकरणों के दम पर सेमीफाइनल में जगह बना ली। कोलकाता और लीग की शीर्ष टीम डेम्पो गोवा चैलेंजर्स के साथ अब सेमीफाइनल की तीन टीमें तय हो चुकी हैं।

कोलकाता की युवा खिलाड़ी तनीषा कोटेचा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस सीजन में अब तक अजेय रही एना हर्सी को पहली हार का स्वाद चखाया। वहीं निर्णायक मुकाबले के अंतिम गेम में जेंग जियान ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम को जीत दिलाई। इस नतीजे के साथ दोनों टीमों की नॉकआउट चरण में जगह पक्की हो गई और अब लीग चरण में केवल एक सेमीफाइनल स्थान शेष है।

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में तथा नीरज बजाज और वीटा दानी द्वारा प्रोमोट किए जा रहे बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं। लीग भारतीय टेबल टेनिस को मजबूत करने के लिए विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा और सालभर चलने वाली विकास पहलों को भी बढ़ावा दे रही है।

कोलकाता की शुरुआत एडुआर्ड इयोनेस्कू ने की, जिन्होंने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए मानुष शाह को 2-1 से हराया। इसके बाद तनीषा ने सीजन का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए एना हर्सी को सीधे तीन गेमों में मात दी।

यू मुंबा ने मिश्रित युगल मुकाबले में वापसी की। मानुष शाह और एना हर्सी की जोड़ी ने शुरुआती गेम हारने के बाद अंकुर भट्टाचार्जी और तनीषा को 2-1 से हराकर मुकाबला रोमांचक बना दिया।

इसके बाद फ्रांस के लिलियन बार्दे ने अंकुर को कड़े संघर्ष में 2-1 से हराकर यू मुंबा को मुकाबले में बनाए रखा। अंतिम मुकाबले में नित्याश्री मणि ने शुरुआती दो गेम जीतकर जेंग जियान के खिलाफ स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। निर्णायक तीसरे गेम में जेंग ने शानदार वापसी करते हुए 11-5 से जीत दर्ज की और कोलकाता को 8-7 से मुकाबला जिता दिया। इस परिणाम के साथ दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में अपनी जगह भी सुनिश्चित कर ली।

तनीषा कोटेचा को इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई चुना गया। लिलियन बार्दे को चैटजीपीटी मैचआईक्यू प्लेयर ऑफ द टाई और फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई के पुरस्कार मिले, जबकि अंकुर भट्टाचार्जी ने बिसलेरी शॉट ऑफ द टाई सम्मान जीता।

बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स खेल (हिंदी), स्टार स्पोर्ट्स तमिल 2 एचडी और स्टार स्पोर्ट्स तमिल 3 एचडी पर होगा, जबकि जियोहॉटस्टार पर हिंदी, तमिल और अंग्रेजी में लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।

 

एचवीआर कोलकाता थंडर ब्लेड्स 8-7 यू मुंबा टीटी

  • एडुआर्ड इयोनेस्कू ने मानुष शाह को 2-1 (9-11, 11-8, 11-7) से हराया।
  •  तनीषा कोटेचा ने एना हर्सी को 3-0 (11-6, 11-4, 11-4) से हराया।
  • अंकुर भट्टाचार्जी/तनीषा कोटेचा, मानुष शाह/एना हर्सी से 1-2 (11-8, 4-11, 7-11) से हारे।
  • अंकुर भट्टाचार्जी, लिलियन बार्दे से 1-2 (9-11, 8-11, 11-6) से हारे।
  •  जेंग जियान, नित्याश्री मणि से 1-2 (10-11, 5-11, 11-5) से हारीं।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *