तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के मोहन रोड पर इब्राहिमगंज के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने बोलेरो के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र के भरहा समदपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा ने बताया की शनिवार दोपहर उनकी मां नीलम विश्वकर्मा छोटे बेटे विशु के साथ बाइक से बुद्धेश्वर स्थित रिश्तेदारी में जा रही थीं।

मोहन रोड पर इब्राहिमगंज के पास पीछे से आए तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर घिसट गई और नीलम सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।हादसे के बाद बोलेरो चालक ने घायल नीलम को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें एरा अस्पताल रेफर कर दिया।
इसी दौरान बोलेरो चालक वाहन समेत वहां से फरार हो गया। एरा अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार शाम नीलम की मौत हो गई। मृतका के परिवार में पति रामप्रसाद, बेटे दीपक व विशु और दो बेटियां हैं। वहीं इस संबंध काकोरी थाना प्रभारी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि बोलेरो के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।



