आवासीय कॉलोनियो में सर्वे से हड़कंप, विधायक प्रीतम सिंह को सौंपा ज्ञापन

ऋषिकेश। (रजनी गोयल)
कांग्रेस नेता एवं पूर्व सभासद रवि जैन के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ऋषिकेश पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष विधायक प्रीतम सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिसमे कहा गया कि उच्चतम न्यायालय के आवासीय कॉलोनियों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के संबंध में दिए गए आदेशों के चलते, उत्तराखंड सहित देश भर के लाखों व्यापारियों के समक्ष आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। संबंधित विभागों द्वारा सर्वे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कई व्यापारियों को नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। जिससे छोटे एवं मध्यम व्यापारियों, दुकानदारों और उनके परिवारों के सामने बेरोजगारी का खतरा पैदा हो गया है। रवि जैन ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि कांग्रेस पार्टी मुख्य विपक्षी दल होने के नाते इस गंभीर विषय पर राज्य सरकार और संबंधित प्राधिकारियों के समक्ष व्यापारियों का पक्ष मजबूती से रखे। न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए ऐसा व्यावहारिक, न्यायसंगत और मानवीय समाधान निकाला जाए जिससे आम व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित रह सके और उन्हें उचित राहत मिल सके। रवि जैन ने बताया कि कांग्रेस पार्टी व्यापारियों की आवाज बनेगी और सरकार से बात करके इस संकट का कोई उचित समाधान निकालने का प्रयास करेगी।



