ऋषिकेश में राष्ट्रीय एकता दिवस पर कार्यक्रम, IG गढ़वाल ने दिलाई अखंडता की शपथ

मुनिकीरेती, ऋषिकेश। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुनिकीरेती थाने में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिए गए संबोधन को लाइव सुना।
मौके पर आईजी राजीव स्वरूप ने सभी पुलिसकर्मियों और आम जनता को राष्ट्रीय अखंडता और एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से प्रदेश को नशामुक्त बनाने के अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
इसके बाद आईजी ने स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान व्यापार मंडल और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों ने आईजी गढ़वाल और एसएसपी टिहरी को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी, थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान, सीआईयू प्रभारी ओमकांत भूषण सहित अन्य पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
(रजनी गोयल)



