महदेवा चौराहे पर सड़क किनारे मिला मृत नवजात, मंदबुद्धि महिला को पुलिस ने पहुंचाया सीएचसी

श्यामदेउरवा, महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के महदेवा चौराहे पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे। वहां सड़क किनारे एक मंदबुद्धि महिला अर्धनग्न अवस्था में पड़ी मिली। उसके पास एक नवजात शिशु भी था, जिसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला पिछले करीब आठ महीने से महदेवा चौराहे के आसपास सड़क किनारे रह रही थी। रविवार सुबह महिला को नवजात के साथ इस हालत में देखकर दुकानदारों ने तत्काल इसकी सूचना श्यामदेउरवा पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय महिलाओं और आशा कार्यकर्ता बिंद्रावती की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है



