‘संडे ऑन साइकिल’ में 300 ने लिया हिस्सा, 100 खेलो इंडिया केंद्रों से जुड़े 1500 प्रतिभागी

पायनियर समाचार सेवा
प्रयागराज । भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ की ओर से रविवार को शुआट्स प्रयागराज में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘फिटनेस, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी’ रही। इसका उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम और साइकिलिंग के प्रति जागरूक करना तथा फिट इंडिया और खेलो इंडिया की विभिन्न पहलों की जानकारी देना था।
एसएआई एनएसआरसी लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्मप्रकाश के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में करीब 300 लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें शुआट्स के विद्यार्थी और कर्मचारी, योगासन भारत के सदस्य तथा एसएआई एनएसआरसी के कर्मचारी शामिल रहे। वहीं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों से करीब 1500 प्रतिभागी ऑनलाइन जुड़े।
कार्यक्रम में ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता अभिन श्याम गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। SHUATS के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रमुख एवं एथलेटिक्स समिति के सचिव आशीष मैसी और उद्यान विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. देवी सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जुंबा और योग सत्र से हुई। इसके बाद लेमन रेस, स्किपिंग, पुश-अप्स और रस्साकशी जैसी फिटनेस गतिविधियां कराई गईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शुआट्स परिसर में पांच किलोमीटर की साइकिल रैली रही। इसमें विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, कर्मचारियों और फिटनेस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइ अधिकारियों लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, मनीष कुमार और प्रवीण कुमार सीएम ने लोगों से खेल और शारीरिक व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली के लिए जरूरी हैं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को फिट इंडिया की टी-शर्ट और स्वास्थ्यवर्धक जलपान भी उपलब्ध कराया गया।



