बहुत किया इंतजार... आज पूरा हुआ आवास का सपना

फोटो एलडीए
- बसंत कुंज योजना सेक्टर-आई के 147 प्रतीक्षारत सूची के परिवारों को मिला प्रधानमंत्री आवास
पायनियर समाचार सेवालखनऊ। शहर में अपना मकान होने की उम्मीद ही छोड़ दी थी, इसके लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, कोई सहारा भी नहीं था। फिर आज प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम आया और सपना पूरा हुआ। अंजू लोधी को लॉटरी से भवन का आवंटन हुआ तो खुशी से उनके आंसू छलक गए। उन्होंने दिल से एलडीए का आभार व्यक्त किया।
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को अल्प आय वर्ग के 147 प्रतीक्षारत सूची के परिवारों को उनका अपना आशियाना दिया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो हॉल में लॉटरी के माध्यम से आवेदकों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किये गये। इस दौरान आवेदकों की उपस्थिति में उन्हीं के हाथों से ही लकी ड्रॉ की पर्चियां निकलवायी गयीं। इस पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। अपने नाम की पर्ची खुलते ही किसी का चेहरा खिल उठा तो किसी की आंखों में खुशी के आंसू छलक आये। एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में बसंत कुंज योजना सेक्टर-आई के 776 रिक्त भवनों के लिए 20 एवं 21 फरवरी, 2026 को लॉटरी की गई थी। जिसमें 147 परिवार प्रतीक्षा सूची में थे।
आज सभी प्रतीक्षारत सूची के परिवारों के मध्य भवनों का लकी ड्रॉ निकाला गया। सुबह 10 बजे शुरू हुयी लॉटरी दोपहर 1 बजे सम्पन्न हुयी, जिसमें सफलतापूर्वक सभी आवेदकों को भवनों का आवंटन कर दिया गया। इस दौरान सभागार में उपस्थित सभी आवेदकों ने एलडीए द्वारा लॉटरी में बरती गयी पारदर्शी प्रक्रिया की खूब सराहना की। अपर सचिव ने बताया कि जल्द ही सभी लाभार्थियों को आवंटन पत्र जारी कर दिया जाएगा। इसमें जो लाभार्थी भवन की कुल धनराशि का 25 प्रतिशत भुगतान कर देंगें, उन्हें अनुबंध के तहत भवन का कब्जा भी प्रदान कर दिया जाएगा। एलडीए ने जिस पारदर्शिता के साथ भवनों की लॉटरी करायी, उसकी सबने जमकर सराहना की। लॉटरी में सफल रहे सावन कश्यप, गौरव अग्रवाल, आलोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि पूरी व्यवस्था बहुत अच्छी थी। कई आवेदक ऐसे थे, जो यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण में अपना नाम देखकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे। लॉटरी में भवन पाने वाली आलिया ने कहा कि.. मैं बहुत खुश हूं, एलडीए की शुक्र गुजार रहूंगी। इसी तरह अन्य लोगों ने भी एलडीए को धन्यवाद दिया।



