शिक्षक ने प्लास्टिक के विकेट से दलित छात्रा की तोड़ी कलाई , मां ने डीएम से मांगा न्याय

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रोंधी स्थित कम्पोजिट पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ की 13 वर्षीय दलित छात्रा सुमन की शिक्षक ने प्लास्टिक के विकेट से पिटाई कर कलाई तोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां ने शिक्षक पर जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करने और पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम रोंधी निवासी कलावती के अनुसार, पांच अक्टूबर को पीटी कक्षा के दौरान शिक्षक श्याम सिंह ने छात्रा सुमन के हसने से मामूली बात पर उनकी बेटी सुमन के हाथ पर प्लास्टिक के विकेट से वार कर दिया। दर्द से परेशान छात्रा ने घर पहुंचकर मां को घटना बताई। आरोप है कि कलावती जब स्कूल पहुंचीं तो शिक्षक ने मां-बेटी को जातिसूचक शब्द कहे और भगा दिया।कलावती का कहना है कि छह अक्टूबर को वह पति के साथ सुभाषनगर थाने और रामगंगा चैकी पहुंचीं, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई दरोगा ने भगा दिया , सात अक्टूबर को जिला अस्पताल में छात्रा का एक्सरे कराया गया, जिसमें दाहिनी कलाई में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
चिकित्सकों ने उसके हाथ में कच्चा प्लास्टर चढ़ाया।पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।



