-
किसानों-ग्रामीणों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना होगी प्राथमिकता
-
हरिमोहन सिंह बने उपाध्यक्ष, भाजपा समर्थित पैनल का निर्विरोध निर्वाचन
पायनियर समाचार सेवा। उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की प्रबंध समिति के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित शारदा असवाल राणा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुईं, जबकि हरिमोहन सिंह को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन से सहकारिता क्षेत्र, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस से भाजपा समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी शारदा राणा एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान सहित पार्टी नेताओं और कार्यकतार्ओं के साथ सहकारी बैंक परिसर पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। निर्धारित प्रक्रिया के बाद अपराह्न 3:30 बजे शारदा राणा को अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर शारदा राणा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत तथा प्रदेश एवं जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, किसानों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। जिला सहकारी बैंक को पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बैंक की योजनाओं एवं सहकारी सुविधाओं का अधिकतम लाभ किसानों, स्वयं सहायता समूहों, छोटे उद्यमियों और ग्रामीण जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। सहकारिता गांव के अंतिम व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम है और इसके जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, कृषि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है। निर्विरोध निर्वाचन पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता सूरत राम नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकतार्ओं ने शारदा राणा को शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिला सहकारी बैंक किसानों और ग्रामीण जनता के हित में नए आयाम स्थापित करेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच और अधिक मजबूत की जाएगी। वहीं उपाध्यक्ष निर्वाचित हरिमोहन सिंह ने कहा कि जिले में सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाने और बैंक की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर विजय सिंह संतरी, दिनेश लाल, मनोरमा, जगमोहन सिंह रावत, जगमोहन सिंह, पूर्णिमा देवी रामला, बलवीर सिंह, रमिता, सुनीता, जगदीश प्रसाद एवं दशरथी निर्विरोध संचालक निर्वाचित हुए। कार्यक्रम में जिला महामंत्री महावीर सिंह नेगी, परशुराम जगूड़ी, जिला उपाध्यक्ष हरीश डंगवाल, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।