सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी (एलीट ग्रुप-सी): रेलवे, विदर्भ और तमिलनाडु की जीत में एकता, मोना और कमालनी चमकीं
तमिलनाडु ने पंजाब को 47 रन, रेलवे ने त्रिपुरा को दो विकेट, विदर्भ ने गुजरात को आठ विकेट और केरल ने सिक्किम को छह विकेट से हराया

रघुबीर शर्मा। लखनऊ
तमिलनाडु की स्टार बल्लेबाज गुनालन कमालनी की 80 रन की तूफानी पारी (56 गेंद, 13 चौके, 1 छक्का) के दम पर सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी (एलीट ग्रुप-सी) के मुकाबलों में तमिलनाडु ने पंजाब को 47 रनों से धूल चटा दी। इकाना स्टेडियम के मेन व बी ग्राउंड में खेले गए अन्य मैचों में रेलवे की फिरकी गेंदबाज एकता बिष्ट (3/7) और विदर्भ की मोना मेश्राम (नाबाद 38 रन) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत रेलवे,विदर्भ और केरल ने भी अपने-अपने मैचों में धमाकेदार जीत दर्ज कर शुरूआत की।
गुनालन कमालनी की तूफानी फिफ्टी से तमिलनाडु ने पंजाब को 47 रनों से हराया
इकाना क्रिकेट स्टेडियम के मेन ग्राउंड में खेले गए एक अन्य मुकाबले में तमिलनाडु ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब को 47 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 167 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। तमिलनाडु से गुनालन कमालनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 56 गेंदों में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 80 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने तमिलनाडु को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके अलावा अर्शी चौधरी ने नाबाद 30 रन की अहम पारी खेली ।जवाब में पंजाब की टीम तमिलनाडु के गेंदबाजों के सामने अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। पंजाब की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 120 रन ही बना सकी। कनिका आहूजा (29) व अमनजोत कौर (30) रन बनाई। इस तरह तमिलनाडु ने 47 रनों से शानदार जीत दर्ज की। दयालन हेमलता ने तीन विकेट चटकाई। जबकि आर. ईश्वरा लक्ष्मी व अक्षरा श्रीनिवासन को दो-दो विकेट मिली। गुनालन कमालनी प्लेयर आॅफ द मैच बनीं।इस जीत के साथ तमिलनाडु ने अंक तालिका में महत्वपूर्ण चार अंक हासिल किए।
एकता बिष्ट की घातक गेंदबाजी से रेलवे ने त्रिपुरा को दो विकेट से हराया
इकाना क्रिकेट स्टेडियम ग्राउंड - बी पर खेले गए पहले मुकाबले में रेलवे ने त्रिपुरा को दो विकेट से हराकर जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी त्रिपुरा की टीम रेलवे के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 19.4 ओवरों में 98 रन बनाकर आॅलआउट हो गई। त्रिपुरा की ओर से तमान्ना निगम ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। रेलवे की अनुभवी गेंदबाज एकता बिष्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात रन देकर तीन विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन ने त्रिपुरा की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए एकता बिष्ट को प्लेयर आॅफ द मैच बनी। 99 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे की टीम को भी जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। रेलवे ने 18.2 ओवरों में आठ विकेट खोकर 99 रन बनाए और मुकाबला से अपने नाम कर लिया। रेलवे से अरुषि गोयल ने 31 रन, जबकि भावना गोपलानी ने 25 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। इस तरह रेलवे ने दो विकेट शेष रहते मुकाबला जीत लिया।
मोना मेश्राम और श्रद्धा नबीरा की उम्दा खेल से विदर्भ ने गुजरात को आठ विकेट से दी शिकस्त
इकाना क्रिकेट स्टेडियम ग्राउंड - बी पर खेले गए दूसरे मुकाबले में विदर्भ ने गुजरात को आठ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 101 रन बनाए। गुजरात की ओर से सिमरन पटेल ने 41 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल नहीं हो सकी।102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदर्भ की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की। मोना मेश्राम और श्रद्धा नबीरा ने 38-38 रनों की पारियां खेलकर टीम की जीत आसान बना दी। मोना मेश्राम नाबाद रहीं।विदर्भ ने महज 14.2 ओवरों में दो विकेट खोकर 102 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया और आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। शानदार प्रदर्शन के लिए मोना मेश्राम को प्लेयर आॅफ द मैच घोषित किया गया।
केरल ने सिक्किम को 6 विकेट से रौंदा
सिक्किम की ओर आष्णा पाटीदार की जुझारू और नाबाद अर्धशतकीय पारी (55 रन, 53 गेंद, 7 चौके) के बावजूद सिक्किम की महिला टीम को केरल के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. सिक्किम को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी. टॉस जीतकर केरल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने सही साबित किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिक्किम की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट पर 94 रन बनाए. सिक्किम की ओर से आष्णा पाटीदार ने संकटमोचन पारी खेलते हुए 53 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से नाबाद 55 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर आॅफ द मैच' चुना गया. उनके अलावा मिरियाला दुर्गा ने 15 रन का योगदान दिया. जवाब में केरल की शुरूआत बेहद आक्रामक रही. केरल ने महज 13.3 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया. विजेता टीम से विस्फोटक बल्लेबाज किरण नवगिरे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों में 7 चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रनों की शानदार पारी खेली. इसके अलावा अचू अक्षया ने नाबाद 27 रन जोड़े. सिक्किम के लिए वेदिका मगर, प्रियंका कुर्मी और प्रमुला छेत्री ने 1-1 विकेट हासिल किया. इस जीत के साथ केरल ने तालिका में महत्वपूर्ण 4 अंक अपने नाम किए



