रहीमाबाद व माल में लूट की तीन वारदातों का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

नकदी, चांदी के जेवर, मोबाइल फोन, महिलाओं का बैग और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। रहीमाबाद पुलिस ने लूट के मामले में महिमाखेड़ा गांव निवासी विजय रावत (26) को गिरफ्तार कर रहीमाबाद और माल थाना क्षेत्रों में हुई लूट की तीन वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच हजार रुपए नकद, चांदी के जेवर, दो मोबाइल फोन, महिलाओं का बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महंगी गाड़ियों और मोबाइल फोन का शौकीन था। अपने शौक पूरे करने के लिए वह लूटपाट करता था। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक के मुताबिक, महिमाखेड़ा निवासी शैलेन्द्र प्रताप उर्फ दीपक ने बुधवार को तहरीर देकर बताया था कि वह परिवार के साथ लखनऊ के बुद्धेश्वर से अपने चाचा पुष्पेंद्र के वहां मुंडन संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर बाइक सवार युवक ने उन्हें और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और बैग लूटकर फरार हो गया। बैग में पांच हजार रुपये नकद, चांदी की चार राखियां, पायल, बच्चे का कंगन, कछुआ छाप अंगूठी, चांदी का छल्ला और दो सिम लगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन रखे थे। पीड़ित ने गांव के ही विजय रावत पर संदेह जताते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर लूट का सामान तथा वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने माल थाना क्षेत्र के सालेहनगर पुलिया के पास और तिवारीखेड़ा में बाइक पर पीछे बैठी महिलाओं से पर्स व बैग छीनने की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इन मामलों से संबंधित सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है। कार्रवाई में रहीमाबाद और माल थाने की पुलिस टीमें शामिल रहीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दोनों थाना क्षेत्रों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।



