प्रिया वर्मा के नाबाद 48 रन से लखनऊ मंडल फाइनल में
प्रिया वर्मा इससे पहले अंडर-15 बोर्ड ट्रॉफी में दो बार हिस्सा ले चुकी हैं। इसके अलावा वह एक बार अंडर-19 शिविर में भी शामिल रही हैं।

- गरिमा के नाबाद 64 रन बेकार, तीन विकेट से जीती लखनऊ मंडल की टीम
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। चौक स्टेडियम की प्रशिक्षु ऑलराउंडर प्रिया वर्मा की नाबाद 48 रन की पारी की बदौलत लखनऊ मंडल ने प्रदेशीय विद्यालय अंडर-17 महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली। अलीगढ़ के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शौम्या ने भी 37 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
मुरादाबाद के एसएस इंटर कॉलेज मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए अलीगढ़ की टीम ने 20 ओवर में 123 रन बनाए। टीम की ओर से गरिमा ने नाबाद 64 रन की पारी खेली।
जवाब में लखनऊ मंडल की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन प्रिया वर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नाबाद 48 रन बनाए, जबकि शौम्या ने 37 रन का योगदान दिया। अंत में आरोही ने नाबाद आठ रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में मदद की। लखनऊ मंडल ने 19.5 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और तीन विकेट से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
प्रिया वर्मा इससे पहले अंडर-15 बोर्ड ट्रॉफी में दो बार हिस्सा ले चुकी हैं। इसके अलावा वह एक बार अंडर-19 शिविर में भी शामिल रही हैं। उनके कोच राहुल गुप्ता ने बताया कि प्रिया के खेल में लगातार सुधार हो रहा है। वह बल्लेबाजी के साथ ऑलराउंड प्रदर्शन करने की क्षमता रखती हैं। मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने पर वह भविष्य में बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
चौक स्टेडियम के अधिकारी मुशर्रफ अली ने भी प्रिया के प्रदर्शन की सराहना की। उनकी इस उपलब्धि से स्टेडियम में खुशी का माहौल है। अब लखनऊ मंडल की टीम की नजरें फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम करने पर टिकी हैं।



