प्रदेश के उद्योग मंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया पूजन

शाकुंभरी देवी धाम पर नवरात्रि मेले का भव्य शुभारंभ
जिला पंचायत अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश
एस.एम.दानिश
बेहट। शिवालिक पर्वतों की तलहटी में स्थित सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी धाम पर शारदीय नवरात्रि मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच नारियल फोड़ और फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। रविवार को पूजन का कार्य शंकराचार्य आश्रम के प्रभारी स्वामी सहजानंद महाराज ने संपन्न कराया। इसके बाद मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। इससे पूर्व सभी नेताओं ने मान्यता अनुसार बाबा भूरा देव मंदिर में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। उद्घाटन के तुरंत बाद मंत्री ने मां भगवती के दर्शन कर विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
इस अवसर पर मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मां के दर्शन से मन को शांति मिली। शारदीय मेले में लाखों श्रद्धालु आते हैं, किसी को भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला पंचायत अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला परिसर, रैन बसेरा और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
इस शुभ अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, विधायक राजीव गुब्बर, जिलाधिकारी अरविंद चौहान, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक, एसडीएम सुबोध कुमार, सीओ शशि कुमार शर्मा, तहसीलदार विजय कुमार सिंह, अभय राणा, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश सदस्य साहब सिंह पुंडीर, प्रमुख विश्वास चौधरी, ब्लॉक मुजफ्फराबाद प्रमुख प्रतिनिधि योगेश पुंडीर, बिजेंदर कश्यप क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक नरेश सैनी, डीसीडीएफ अध्यक्ष सोनेंदर राणा, जिला पंचायत सदस्य रामकिशन उर्फ रामू चौधरी, हंसराज गौतम, रिजवान लाला, मुकेश चौहान, व्यापारी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राकेश गाबा, बेहट मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सैनी, शाकुंभरी देवी मंडल अध्यक्ष मुकेश चौहान, रजत त्यागी मुजफ्फराबाद मंडल अध्यक्ष सहित जिला पंचायत के समस्त अधिकारी मौजूद रहे।



