पंचायत भवन में बहू-बेटी संवाद सम्मेलन का आयोजन

एंटी रोमियो ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी
नागल। मिशन शक्ति फेज-6 के विशेष अभियान के तहत गांव मडकी स्थित पंचायत भवन में बहू-बेटी संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया।
थाने की एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम ने गांव में पहुंचकर बहू-बेटियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। टीम में शामिल उप निरीक्षक वर्षा कुशवाहा, हेड कांस्टेबल मोहित मलिक, महिला हेड सरहिस्ता और महिला कांस्टेबल बबीता ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान महिलाओं को विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, बाल कल्याण योजनाओं तथा बाल मजदूरी न कराने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही मिशन शक्ति हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया और व्यस्त स्थानों पर अभियान चलाकर आने-जाने वाली महिलाओं व बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए शासन द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ लेने के लिए जागरूक होना जरूरी है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें।



