पत्नी की हत्या का खुलासा, पति गिरफ्तार

- तलाक की तैयारी की जानकारी से नाराज था आरोपी, तमंचे से किए थे दो फायर
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर क्लेमेंटाउन थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था और उसने घटना के बाद मोबाइल भी बंद कर दिया था। पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को 23 सितंबर को क्लेमेंटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका विवाह करीब 12 वर्ष पहले काजल से हुआ था और दोनों के दो बच्चे हैं। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित पत्नी के मायके में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, पिछले एक वर्ष से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने बताया कि करीब तीन महीने से पत्नी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी। करीब एक माह पहले उसे जानकारी मिली कि पत्नी तलाक लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने पत्नी की हत्या की योजना बनाई। उसने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा और घटना से एक रात पहले देहरादून पहुंचा। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने घटनास्थल के पास निमार्णाधीन भवन में छिपकर रेकी की। सुबह मौका देखकर वह घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसा और सो रही पत्नी पर दो फायर किए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है।



