पांच किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार

मोबाइल भी बरामद, गुडंबा पुलिस ने टेढ़ी पुलिया क्षेत्र में की कार्रवाई, पुड़िया बनाकर राहगीरों को बेचता था गांजा
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। गुडंबा पुलिस ने अवैध गांजे की बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पांच किलो 124 ग्राम गांजा, एक मोबाइल और 200 रुपए नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजे की पुड़िया बनाकर राह चलते लोगों को बेचता था। बरामद नकदी गांजा बिक्री से मिली रकम बताई जा रही है। गुडम्बा इंस्पेक्टर के मुताबिक, गुरुवार देर रात टेढ़ी पुलिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एमडी पैलेस के पीछे मैदान में एक युवक गांजा बेच रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान आदिल नगर, कल्याणपुर निवासी अभय पटेल (22) के रूप में हुई। वह मूल रूप से सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव का रहने वाला है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 31 पुड़िया और एक अन्य पन्नी में रखा गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन पॉलिथीन और पुड़िया के कागज समेत पांच किलो 124 ग्राम था। इसके अलावा एक मोबाइल और 200 रुपए नकद मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह कम दाम पर गांजा खरीदकर उसकी पुड़िया बनाता था और अधिक कीमत पर बेचता था।
गांजा बेचकर मिलने वाली रकम से अपने शौक पूरे करने के साथ परिवार का खर्च भी चलाता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद मोबाइल, गांजा बिक्री से मिले पैसों से खरीदा था और 200 रुपए उसी दिन दो पुड़िया बेचकर मिले थे। हालांकि, उसने गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति का नाम-पता मालूम नहीं होने की बात कही। गुडंबा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।



