नवविवाहिता ने लगाया अपहरण का आरोप, एसएसपी से लगाई गुहार

सहारनपुर। सरसावा थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर घंघोड़ निवासी नवविवाहिता गुलशाना ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर उसकी बारात की रुखसती के बाद पीछा कर अपहरण का प्रयास करने, परिजनों के साथ मारपीट करने तथा जेवर व नकदी लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार गुलशाना का निकाह 27 सितंबर को गंगोह क्षेत्र से आई बारात के साथ गफ्फार से हुआ था। आरोप है कि गांव का ही कुर्बान पहले से उस पर गलत नजर रखता था और उसके निकाह से नाराज था। पीड़िता का आरोप है कि पूर्व में उसकी मां द्वारा कुर्बान के भाइयों से शिकायत करने पर भी उसे धमकाया गया था। पीड़िता के मुताबिक 27 सितंबर की शाम करीब सात बजे बारात रुखसत होने के बाद वह अपने पति व ससुराल पक्ष के लोगों के साथ वाहन से जा रही थी। आरोप है कि कुर्बान समेत सात लोग दो गाड़ियों में सवार होकर उनका पीछा करने लगे। करीब साढ़े सात बजे कुतुबपुर पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने दोनों गाड़ियां उनके वाहन के सामने लगा दीं और हथियार लहराते हुए नवविवाहिता को जबरन ले जाने का प्रयास किया। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि गुलशाना को बचाने पहुंचे उसके ससुर जुल्फा, ननद इरफाना और नंदोई उमर के साथ हथियारों से मारपीट की गई, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। साथ ही गुलशाना के कानों के कुंडल और उसके पति का नोटों का हार भी ले जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद मौके पर डायल-112 पुलिस पहुंची और घायलों को सरसावा सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में सहारनपुर रेफर किया गया। पीड़िता का दावा है कि घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद से अब तक थाना सरसावा पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़िता ने एसएसपी से मामले का संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। साथ ही प्रार्थना पत्र में कार्रवाई न होने पर आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी गई है।



