मुख्य विकास अधिकारी ने वृहद गो संरक्षण केंद्र अखलासपुर, रामनगर का किया औचक निरीक्षण
गोवंशों के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पर्याप्त पशु आहार एवं हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश

अम्बेडकरनगर। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा वृहद गो संरक्षण केंद्र अखलासपुर, रामनगर, जनपद अम्बेडकरनगर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के रखरखाव, स्वास्थ्य, चारा एवं केंद्र परिसर में आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने गो संरक्षण केंद्र के परिसर को समतल कर खड़ंजा लगवाने के निर्देश दिए, जिससे परिसर में आवागमन एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित रहे। साथ ही परिसर में छायादार वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से पीपल एवं बरगद के पौधे रोपित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने तथा उनके लिए पर्याप्त मात्रा में पशु आहार एवं हरे चारे की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पंचायत सचिव एवं एडीओ पंचायत को हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पशुचर हेतु उपलब्ध भूमि पर समय से नेपियर घास की बुवाई कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से जनपद में संचालित गो संरक्षण अभियान के अंतर्गत अब तक की गई कार्रवाई एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में अभियान के अंतर्गत अब तक 130 निराश्रित गोवंशों को विभिन्न गोशालाओं में संरक्षित किया जा चुका है तथा गोवंशों के संरक्षण का अभियान निरंतर जारी है। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंशों के संरक्षण, समुचित देखभाल एवं गो संरक्षण केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।



