जनगणना प्रक्रिया की तैयारी : घर घर पहुंचेंगे प्रशिक्षित प्रगणक

निचलौल, महराजगंज।तहसील सभागार निचलौल में एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। जनगणना तैयारी की इस बैठक में उन्होंने जहां राजनीतिक दलों की ओर से सुझाव मांगे वहीं प्रशासन की ओर से दलों को पारदर्शी जनगणना प्रक्रिया का भरोसा भी दिलाया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम श्री त्रिपाठी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जनगणना की तैयारियों व निर्धारित प्रक्रियाओं आदि पर चर्चा कर राजनीतिक दलों से सहयोग और सुझाव मांगा ताकि जनगणना के दौरान आने वाली समस्याओं का समय से समाधान किया जा सके। एसडीएम श्री त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देश पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई इस बैठक में जनगणना प्रक्रिया की जानकारी दी गयी। उन्होंने कहा कि जनगणना को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। किसी भी राजनीतिक दल को किसी बिंदु पर संदेह या आपत्ति हो तो वह अपना सुझाव दे सकता है। उन्होंने यह जानकारी साझा किया कि निचलौल तहसील क्षेत्र के बूथों में बदलाव की आवश्यकता नहीं है। एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता होने की स्थिति में ही बूथ परिवर्तन या नए बूथ की आवश्यकता पर विचार किया जाता है। क्षेत्र में एक ग्रामसभा में सर्वाधिक 1195 मतदाता हैं जबकि अन्य बूथों पर मतदाताओं की संख्या इससे कम है। एसडीएम ने कहा कि जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे घर घर जा कर जनगणना प्रक्रिया को पूरा करेंगे। इस कार्य में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील किया गया है। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित बीएलओ, लेखपाल, ग्राम प्रधान या तहसील के कर्मचारियों से संपर्क कर समाधान प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में तहसीलदार अमित कुमार सिंह, राजनीतिक दलों आम आदमी पार्टी से जाहिद अली, बसपा से नंदलाल भारती सहित भाजपा, सपा व कांग्रेस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करते एसडीएम व तहसीलदार।



