मेटा अलर्ट ने बचाई एक और जान
लखनऊ पुलिस ने मात्र 10 मिनट में युवक तक पहुंचकर बचाई जान

पत्नी से विवाद के बाद डिलीवरी बॉय ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था आत्महत्या संबंधी वीडियो
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मेटा कंपनी से मिले आत्महत्या संबंधी अलर्ट पर 15 अक्टूबर को पुलिस आनन-फानन पहुंच कर 26 वर्षीय युवक की जान बचा ली। सआदतगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले डिलीवरी बॉय ने पत्नी और ससुराल पक्ष से विवाद के चलते मानसिक तनाव में आकर इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी वीडियो पोस्ट किया था। जहां अलर्ट मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मात्र 10 मिनट में युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बचा लिया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने उक्त अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
मेटा कंपनी ने भेजे गए अलर्ट का संज्ञान लेते हुए मुख्यालय के सोशल मीडिया सेन्टर ने उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर तत्काल डिलीवरी बॉय की लोकेशन ज्ञात कर कमिश्नरेट लखनऊ को प्रकरण से अवगत कराया गया। युवक ने 15 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था कि मैं बहुत परेशान हूँ, मेरी बीवी और उसके घरवाले मेरे ख़िलाफ़ हैं, मैं मरने जा रहा हूँ। जिसके बाद सूचना एवं लोकेशन के आधार पर कमिश्नरेट लखनऊ, थाना सआदतगंज के उप निरीक्षक योगेन्द्र कुमार, आरक्षी आशीष पाल व आरक्षी अवनीश कुमार युवक के घर पहुंचे तथा युवक ने किए गए आत्महत्या सम्बन्धी पोस्ट से उसके परिजनों को अवगत कराकर उनको साथ लेकर मात्र 10 मिनट में पुलिस टीम युवक के पास पहुंच गई।
युवक पुल पर खड़ा नदी की तरफ़ देख रहा था और कुछ बड़बड़ाते हुए रो रहा था। युवक को देखकर प्रतीत हो रहा था की उसका आशय नदी में कूदने का था। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गवाए युवक को मौके से हटाकर अलग ले जाया गया। युवक के सामान्य स्थिति में आने पर पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। युवक का अपनी पत्नी से तथा ससुराल वालों से विवाद चल रहा था जिस कारण वह मानसिक तनाव एवं भावनात्मक अवसाद में आ गया था। इसी मानसिक तनाव के चलते उसके मन में आत्मघाती विचार उत्पन्न हुए और उसने यह कदम उठाया।
इसके अलावा पुलिस ने की गई काउंसलिंग में युवक ने भविष्य में ऐसा कोई कदम नही उठाने का आश्वासन दिया। युवक के परिजनों ने पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की सराहना की गई।



