मतदाता सूची के पुन: सत्यापन को 08 से 10 अक्टूबर तक हर बूथ पर लगेंगे विशेष शिविर

- 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ और बीएलए-2 करेंगे घर-घर मतदाता सत्यापन
- पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और अपात्र नाम हटाने पर रहेगा विशेष जोर
पायनियर समाचार सेवा। उत्तरकाशी। भारत निर्वाचन आयोग के निदेर्शों के तहत जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर पुन: सत्यापन और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 08 से 10 अक्टूबर तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का बूथ स्तर पर गहन परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण कर पात्र मतदाताओं के नामों को सूची में सुनिश्चित कराने में सहयोग देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यदि सत्यापन के दौरान किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं पाया जाता है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकता है। वहीं मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के संबंध में भी नियमानुसार दावा एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि 12 से 20 अक्टूबर तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान हाल ही में जोड़े गए मतदाताओं के नामों का भी सत्यापन होगा। साथ ही यदि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया है तो उसके नाम को नियमानुसार जोड़े जाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, कांग्रेस प्रतिनिधि दिनेश गौड़, बीएसपी प्रतिनिधि रमेश राज, राजीव नौटियाल, हरीश डंगवाल, मनोज सिंह, जयचंद रावत, महावीर नेगी, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



