महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि, सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। पाण्डेय कॉम्प्लेक्स, मोहनलालगंज में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और सत्य, अहिंसा एवं सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी केवल स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक ही नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा, त्याग और मानवता के प्रतीक थे।
उनके विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से गांधी जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समाजसेवी विपिन यादव ने कहा कि गांधी जी का पूरा जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनका सादा जीवन, उच्च विचार और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके विचारों को दैनिक जीवन में अपनाया जाए। इस दौरान स्वच्छता, आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट पदाधिकारी शिवम साहू, सोनम, काजल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहे।



