जलभराव के स्थायी समाधान की मांग पर डीएम ने लिया संज्ञान
व्यापार मंडल के ज्ञापन पर नगर आयुक्त व एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश, प्रभावितों को राहत और मुआवजे की मांग

बरेली। शहर में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव से आमजन और व्यापारियों को हुई परेशानी व नुकसान के मामले में उद्योग व्यापार संरक्षण मंडल के अध्यक्ष गौरव सक्सेना एडवोकेट द्वारा 9 सितंबर को जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी ने ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त, नगर निगम बरेली और संबंधित उप जिलाधिकारी को भेजा है।
ज्ञापन में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, प्रभावित आमजन एवं व्यापारियों के नुकसान का सर्वे कराने तथा नियमानुसार राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। इसके साथ ही स्थायी और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई थी। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
गौरव सक्सेना ने कहा कि अब संबंधित विभागों से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और प्रभावित लोगों को राहत दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा है। गौरव सक्सेना ने कहा कि उद्योग व्यापार संरक्षण मंडल प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर रखेगा और आमजन एवं व्यापारियों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष लगातार उठाता रहेगा।



