मोहब्बेवाला में भीषण सड़क हादसा

देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र के मोहब्बेवाला में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास सहारनपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट लदे 12 टायरी ट्रक ने आगे चल रही आईआरबी प्रथम बटालियन की पुलिस बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस बस और ट्रक दोनों सड़क पर पलट गए। हादसे में पांच पुलिसकर्मियों समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। ट्रक संख्या यू के 07 सी डी 8492 सीमेंट से लदा हुआ था। ट्रक की टक्कर से आईआरबी प्रथम बटालियन की बस पलट गई। बस में आठ जवान सवार थे। हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ट्रक ने इस दौरान एक मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी, जिससे दो मोटरसाइकिल सवार और ट्रक चालक भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



