हर्रायपुर गौशाला में डीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
भूसा-चारा स्टॉक का किया मिलान, बीमार गोवंश को तत्काल अलग कर उपचार के निर्देश

पीलीभीत। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने रविवार को विकासखंड अमरिया के ग्राम हर्रायपुर स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण कर वहां संरक्षित गोवंश के रख-रखाव और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भूसा, हरा चारा, खली, दाना, पेयजल, साफ-सफाई और पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को मौके पर परखा। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों में दर्ज चारे के स्टॉक का मौके पर उपलब्ध भंडार से मिलान भी किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम के अनुरूप गोवंश के लिए हरा चारा और पौष्टिक आहार पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जाए। पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत देते हुए उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को नियमित रूप से चिकित्सकों की टीम भेजकर गौशाला में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीमार अथवा अशक्त गोवंश को तत्काल अन्य पशुओं से अलग कर आइसोलेशन में रखते हुए समुचित उपचार कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर की साफ-सफाई, पेयजल के लिए बनी चरहियों और जल निकासी व्यवस्था को भी देखा। जलभराव की स्थिति न बनने देने तथा नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश दिए, जिससे संक्रामक बीमारियों से पशुओं को सुरक्षित रखा जा सके।
गौशाला परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जिलाधिकारी ने जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सक सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



