हार्डवेयर व्यापारी पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

24 घंटे में पुलिस ने दबोचा, वारदात में प्रयुक्त लोहे की बसुली और सीसीटीवी डीवीआर बरामद
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के भरोसा गांव में हार्डवेयर व्यापारी पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य नामजद आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की बसुली, सीसीटीवी का डीवीआर और वाई-फाई राउटर बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर और राउटर भी उखाड़कर झाड़ियों में फेंक दिया था। भरोसा गांव निवासी रामप्रकाश की गांव में प्रकाश हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रिकल नाम से दुकान है।
26 सितंबर की शाम वह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दुकान में घुसे आरोपी ने लोहे की वसुली से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामप्रकाश को पहले लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।रामप्रकाश की पत्नी कंचन कुरील की तहरीर पर पारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी जितेंद्र रावत उर्फ बऊआ ने बताया कि रामप्रकाश की दुकान उसकी झोपड़ी के पास है। आरोपी ने रामप्रकाश पर अपनी पत्नी के प्रति गलत नीयत रखने का आरोप लगाया।
उसका कहना है कि मना करने और धमकी देने के बावजूद वह नहीं माना। इसी बात से नाराज होकर उसने 26 सितंबर की शाम रामप्रकाश पर दुकान में रखी लोहे की बसुली से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार हमले के बाद रामप्रकाश के अचेत होने पर आरोपी ने उन्हें मृत समझ लिया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और वाई-फाई राउटर उखाड़ लिया और घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर डिधिया रोड किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रक्तरंजित लोहे की बसुली, सीपी प्लस कंपनी का सीसीटीवी डीवीआर और साइरोटेक कंपनी का वाई-फाई राउटर/ओएनटी उपकरण बरामद किया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



