आईसीसी बोर्ड में गुरूमूर्ति पलानी, मुबाशिर उस्मानी और रूडी वान वूरेन शामिल

एडिनबर्ग। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के एसोसिएट सदस्य देशों के निदेशक पद के लिए फ्रांस के गुरूमूर्ति पलानी, संयुक्त अरब अमीरात के मुबाशिर उस्मानी और नामीबिया के रूडी वान वूरेन का दो वर्ष के कार्यकाल के लिए चुनाव हुआ है।

आईसीसी की वार्षिक कॉन्फ्रेंस के दौरान बुधवार को हुए चुनाव में तीनों उम्मीदवारों को एसोसिएट सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया। गुरूमूर्ति पलानी और रूडी वान वूरेन पहली बार आईसीसी बोर्ड का हिस्सा बने हैं, जबकि मुबाशिर उस्मानी लगातार दूसरी बार इस पद पर निर्वाचित हुए हैं।

इन तीन सीटों के लिए कुल पांच उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें उस्मानी, इमरान ख्वाजा, महिंदा वल्लीपुरम, गुरूमूर्ति पलानी और रूडी वान वूरेन शामिल थे। चुनाव में आईसीसी के 43 एसोसिएट सदस्य देशों ने मतदान किया। अमेरिका क्रिकेट और क्रिकेट कनाडा अपनी सदस्यता निलंबित होने के कारण मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सके।

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने नव-निर्वाचित निदेशकों को बधाई देते हुए कहा कि एसोसिएट सदस्य क्रिकेट के विकास और उसके वैश्विक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वह सभी क्षेत्रों में खेल की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए एसोसिएट सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *