- इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर लखनऊ जनपद की जूनियर बालक कबड्डी टीम का भी चयन किया गया है।
लखनऊ, पायनियर। जिला कबड्डी एसोसिएशन लखनऊ के तत्वावधान में अवध पब्लिक स्कूल रजनी खण्ड में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालक कबड्डी चैम्पियनशिप-2026 के फाइनल मुकाबले में चौक स्टेडियम ने चाइलॉजी क्लब को 31-08 के बड़े अंतर से पराजित करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में चाइलॉजी क्लब ने लखनऊ वारियर्स को 24-10 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में चौक स्टेडियम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए युवा अकादमी को 35-19 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके बाद फाइनल में चौक स्टेडियम ने शुरू से ही शानदार खेल दिखाते हुए चाइलॉजी क्लब को 31-08 से पराजित कर चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर लखनऊ जनपद की जूनियर बालक कबड्डी टीम का भी चयन किया गया है।
चयनित टीम आगामी 12 एवं 13 सितम्बर को बस्ती जनपद में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कबड्डी चैम्पियनशिप में लखनऊ का प्रतिनिधित्व करेगी।प्रतियोगिता के दौरान जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव अनूप शुक्ला, सीजी शुक्ला, आईए सिद्दीकी, अजय मिश्रा, पी.सी. यादव, अरुण गौतम, वी.एन. झा एवं टिंकू कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।जिला कबड्डी एसोसिएशन, लखनऊ की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले अवध पब्लिक स्कूल, रजनी खण्ड के प्रबंधन एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।