सड़क हादसे में मृत राम सिंह का शव गांव पहुंचते ही हंगामा, नायब तहसीलदार के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार
अंकित यादव। फतेहपुर बाराबंकी
सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले घुंघटेर निवासी राम सिंह के शव के गांव पहुंचने पर परिजनों ने मुआवजा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची नायब तहसीलदार अनु सिंह ने पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद देर शाम अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। बुधवार शाम राम सिंह अपनी कार से घर लौट रहे थे। सरैया मोड़ के पास एक अन्य वाहन की टक्कर से उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
गंभीर रूप से घायल राम सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया। उनकी मांग थी कि परिवार को कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ, आवास के लिए जमीन, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था, मुकदमे में आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा मृतक की पत्नी को शैक्षिक योग्यता के आधार पर नौकरी दी जाए। सूचना पर पहुंचीं नायब तहसीलदार अनु सिंह ने परिजनों को पात्रता के अनुसार सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और देर शाम अंतिम संस्कार किया गया। एहतियात के तौर पर कुर्सी, घुंघटेर और बड्डूपुर थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही।










