घटतौली की शिकायत की तो जानलेवा हमले का शिकार हुआ युवक
कोटेदार समेत 6 पर केस दर्ज, तीन गिरफ्तार, पहले हुई मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप

सलोन, रायबरेली। खाद्य वितरण प्रणाली में कथित भ्रष्टाचार और राशन में घटतौली की शिकायत उच्चाधिकारियों तक करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत और शुरू हुई जांच से नाराज कोटेदार ने अपने समर्थकों के साथ बुधवार देर रात युवक के घर में घुसकर हमला बोल दिया। धारदार औजारों से युवक को बुरी तरह पीटकर मरणासन्न कर दिया गया। बेटे को बचाने पहुंची मां और बहन के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी सलोन से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामला कोतवाली क्षेत्र के झाऊ का पुरवा मजरे बिसाइया पोस्ट रेवली का है। यहां सरकारी खाद्यान्न वितरण की जिम्मेदारी कोटेदार प्रेम कुमार पासी के पास है। घायल युवक के भाई भानु प्रताप के मुताबिक, ग्रामीणों को निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी को लेकर उसके भाई रवि सिंह पुत्र हरदेव सिंह ने संबंधित विभाग, उच्चाधिकारियों और शासन स्तर पर लिखित शिकायत के साथ आॅनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू होने की बात कही जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत से नाराज कोटेदार और उसके साथियों ने कुछ दिन पहले भी रवि सिंह को रास्ते में रोककर उसके साथ हाथापाई और गाली-गलौज की थी। इस मामले की शिकायत भी थाने में की गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। घायल युवक की मां रामा देवी की तहरीर के मुताबिक, बुधवार देर रात कोटेदार प्रेम कुमार पासी, उसके पिता राम कृपाल पासी, अमर पासी, राजकुमार पासी, रावेंद्र पासी और चंद्रपाल पासी कथित तौर पर धारदार औजार लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने परिवार को संभलने तक का मौका नहीं दिया और रवि सिंह पर हमला कर दिया। धारदार हथियारों से किए गए हमले में रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे को बचाने दौड़ी रामा देवी और उसकी बहन के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों को जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। घायल रवि सिंह को आनन-फानन में सीएचसी सलोन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहले शिकायत, फिर मारपीट
इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। परिजनों का आरोप है कि रवि सिंह के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत पहले ही पुलिस से की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बुधवार रात आरोपी पक्ष के लोगों द्वारा घर में घुसकर हमला किए जाने की घटना सामने आई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि पहली शिकायत को गंभीरता से लेकर समय रहते कार्रवाई की जाती तो क्या दूसरी और अधिक गंभीर घटना को रोका जा सकता था। मामला केवल आपसी विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी पृष्ठभूमि में सरकारी राशन वितरण में कथित अनियमितताओं की शिकायत और उसकी जांच भी जुड़ी हुई है। इसलिए पुलिस की कार्रवाई और जांच की निष्पक्षता को लेकर भी ग्रामीणों की निगाहें टिकी हैं।
हवाई फायरिंग के आरोप से पुलिस का इनकार
घटना के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि कोतवाल संदीप कुमार राय ने हवाई फायरिंग की घटना को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि कोटेदार और उसके परिवार के लोगों द्वारा घर में घुसकर रवि सिंह पर हमला कर उसे घायल किए जाने की बात सामने आई है। कोतवाल ने बताया कि घायल युवक की मां रामा देवी की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोटेदार प्रेम कुमार पासी, चंद्रपाल पासी और राजकुमार पासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



