एक सप्ताह में खेल विभाग की कार्ययोजना पेश करें अधिकारी : गिरीश यादव
युवा कल्याण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत 14 परियोजनाओं के आगणन प्रस्ताव संबंधित जनपदों से जल्द मंगाने के निर्देश भी दिए गए।

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव की अध्यक्षता में सोमवार को विधानसभा स्थित सभागार में विभागीय योजनाओं और निर्मित व निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को खेल विभाग की कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।मंत्री ने स्पोर्ट्स कॉलेजों में कोच के रिक्त पदों को डेप्युटेशन के माध्यम से भरने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें कार्ययोजना में शामिल किया जाए।
युवा कल्याण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत 14 परियोजनाओं के आगणन प्रस्ताव संबंधित जनपदों से जल्द मंगाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर धनराशि कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराते हुए परियोजनाओं का निर्माण शुरू कराया जाए। निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने पर भी जोर दिया।
गिरीश यादव ने कहा कि जिन जनपदों में खेल प्रशिक्षकों का चयन अभी नहीं हुआ है, वहां चयन प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। वहीं, जिन जिलों में आउटसोर्सिंग एजेंसी के चयन की कार्रवाई अब तक नहीं हुई है, वहां के जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद स्तर पर युवा उत्सव- विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग का व्यापक आयोजन कराने को कहा। इसके लिए विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विकासखंडों से संपर्क कर टीमों को कार्यक्रम में शामिल करने तथा जनप्रतिनिधियों को पूर्व सूचना देकर आमंत्रित करने के निर्देश दिए। बैठक में सचिव खेल एवं महानिदेशक युवा कल्याण सुहास एलवाई, निदेशक खेल आरपी सिंह, लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव समेत शासन और विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



