देहरादून में चेन स्नैचिंग का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

- नशे की लत पूरी करने के लिए युवक से मारपीट कर लूटी थी सोने की चेन और मोबाइल, दो स्कूटी भी सीज
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में युवक से मारपीट कर सोने की चेन और मोबाइल फोन लूटने की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, ओप्पो मोबाइल फोन, 34,500 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, सात अक्टूबर 2026 को अरविंद सिंह निवासी पटेलनगर ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनके भाई को स्कूटी से एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उसके साथ मारपीट कर सोने की चेन और मोबाइल फोन छीन लिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर थाना क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया गया।
आईएसबीटी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को आईएसबीटी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो स्कूटी पर सवार चार संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी में उनके पास से टूटी हुई सोने की चेन, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने सात अक्टूबर को पटेलनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति से चेन और मोबाइल छीनने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त दोनों स्कूटी सीज कर दीं।
चेन का आधा हिस्सा बेचकर बांट लिए थे रुपये
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। घटना के दिन उन्होंने एक व्यक्ति को नशे की हालत में देखकर उसे एकांत स्थान पर ले जाकर मारपीट की और उसकी चेन व मोबाइल छीन लिया। बाद में चेन बेचने का प्रयास किया, लेकिन बिल नहीं होने के कारण सुनारों ने उसे खरीदने से इनकार कर दिया। इसके बाद आईएसबीटी के पास एक राहगीर को मजबूरी बताकर चेन का आधा हिस्सा बेच दिया और उससे मिले रुपये आपस में बांट लिए।
गिरफ्तार आरोपियों में दो के पूर्व आपराधिक मामले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हन्नान (20), निवासी ब्रह्मपुरी चौक के पास पटेलनगर; अभिषेक सिंह (19), निवासी टर्नर रोड पटेलनगर; आरिफ अली (31), निवासी शकुंतला एनक्लेव पटेलनगर; और समीर (24), निवासी उत्तम कॉलोनी, ब्राह्मणवाला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरिफ के खिलाफ पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी और अभिषेक के खिलाफ मारपीट समेत अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता के मामले सामने आए हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में छीनी गई सोने की चेन, 34,500 रुपये नकद, ओप्पो मोबाइल फोन और यूके 07 एचई-7234 व यूके 07 एचएच-1393 नंबर की दो स्कूटी बरामद की हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में आईएसबीटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह रावत, हेड कांस्टेबल हरेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल आजाद, पंकज रावत और संदीप शामिल रहे।



