डीएम ने संचारी रोगों के खिलाफ संभाली कमान, लोगों को किया जागरूक

पायनियर । सोनभद्र
जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तृतीय चरण का शुभारम्भ गुरुवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने ग्राम मारकुण्डी से किया।इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर स्वच्छता एवं संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू, मलेरिया सहित मच्छरजनित एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए घर और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से कहा कि बुखार अथवा बीमारी के अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच एवं उपचार कराएं। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य संबंधित विभागों की टीमें गांव-गांव पहुंचकर डेंगू, मलेरिया सहित वेक्टर जनित एवं जलजनित रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। घर-घर जाकर साफ-सफाई, जलजमाव की रोकथाम, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा बुखार की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
जनपद के चिन्हित उच्च जोखिम वाले ग्रामों में विशेष रूप से जन-जागरूकता, साफ-सफाई एवं जलजमाव की रोकथाम से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी। दस्तक अभियान 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। इसके तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर बुखार, कुष्ठ, क्षय रोग, फाइलेरिया एवं आईएलआई के संभावित रोगियों की पहचान की जाएगी तथा उनकी सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।साथ ही आभा आईडी के सृजन की कार्यवाही भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अभियान से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेमनाथ, बीएसए मुकुल पाण्डेय, बीडीओ लालजी शुक्ला, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डी.एन. श्रीवास्तव, मलेरिया निरीक्षक पी.के. सिंह सहित अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।



