डीएम ने की जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित
ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन पर 3 ग्राम पंचायतों को डी एम ने किया सम्मानित

श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के अंतर्गत चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों यथा व्यक्तिगत शौचालय निर्माण कार्य ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य, आदर्श मॉडल ग्राम पंचायत तथा उनके सत्यापन संबंधित विषय पर चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायतों में स्वच्छता शुल्क अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। इसके तहत लोगों से 01 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से शुल्क लिया जाएगा।
जिससे लोगों को कम से कम शुल्क में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की सुविधा उपलब्ध हो सके और ग्राम पंचायतों को स्वच्छ बनाया जा सके। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद का निर्धारित लक्ष्य 6500 के सापेक्ष व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु चयनित लाभार्थियों का सत्यापन कराते हुए उनको शौचालय से आच्छादित किया जाए।
ग्राम पंचायत में निर्मित सामुदायिक शौचालय का दैनिक संचालन कराते हुए ससमय केयर टेकर को मानदेय भुगतान कराना सुनिश्चित करें। उन्होने निर्देशित किया कि आर0आर0सी0 का नियमित रूप से संचालन कराया जाएं। नगर क्षेत्रों में प्लास्टिक रिसाईकिलिंग प्लांट लगाने हेतु कार्ययोजना बनायी जाए। जिससे नगर का प्लास्टिक कचरा कम हो सके। अन्त में जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के अन्तर्गत ठोस अपशिष्ट के उचित प्रबन्धन करने वाली तीन ग्राम पंचायतों क्रमश: टण्डवा महन्थ, कटरा एवं ददौरा के सचिवों एवं प्रशासकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।



