बेहता नाले में नहाते समय श्रमिक की डूबकर मौत

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। रहीमाबाद क्षेत्र के बाकीनगर गांव के पास रविवार शाम बेहता नाले में नहाने के दौरान एक श्रमिक की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और गोताखोरों की मदद से श्रमिक की तलाश शुरू कराई गई। मृतक की पहचान बाकीनगर निवासी मुफीस (35) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक मुफीस तीन दिन पहले ही दिल्ली से वापस आए थे और वहां ई-रिक्शा चलाते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह नाले में नहा रहे थे।
इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें बचाने के लिए डंडा पकड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह डंडा नहीं पकड़ सके। मलिहाबाद एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शाम करीब पांच बजे भी मुफीस नशे की हालत में नाले में नहा रहे थे। परिजन उन्हें वहां से निकालकर घर ले गए थे। कुछ देर बाद वह दोबारा नाले में पहुंचकर नहाने लगे।
इसी दौरान उन्होंने अचानक बचाव के लिए आवाज लगाई और देखते ही देखते पानी में डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों को सूचना देकर शव की तलाश शुरू कराई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी फिरोज और एक बेटा फाजिल है। पुलिस मौके पर मौजूद रही और घटना की जांच की जा रही है।



