बारिश से बदहाल सड़कों का होगा स्थलीय निरीक्षण

- देहरादून में 48 प्रमुख व आंतरिक मार्गों की जांच
- दो दिन में फोटो सहित रिपोर्ट देने के निर्देश
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। मानसून के दौरान हुई बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून क्षेत्र के 48 प्रमुख एवं आंतरिक मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मार्गवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिन्हित करेंगे। साथ ही संबंधित सड़क विभाग अथवा कार्यदायी संस्था से आवश्यक मरम्मत और गड्ढों को भरने की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
निरीक्षण के लिए निर्धारित मार्गों में देहरादून-मसूरी मार्ग, राजपुर रोड, हरिद्वार बाईपास, कांवली रोड, मातावाला से कारगी चौक, निरंजनपुर से रिमला बाईपास, बल्लीवाला चौक से आईएसबीटी, पटेलनगर, नेहरू रोड, धर्मपुर, रायपुर, सहस्रधारा रोड, जाखन, चकराता रोड, क्लेमेंटटाउन और प्रेमनगर समेत शहर के कई आंतरिक मार्ग शामिल हैं। प्रशासन ने अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों और जरूरी मरम्मत कार्यों का विस्तृत ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं से मरम्मत की कार्रवाई कराते हुए सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने पर जोर दिया गया है। नामित अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित मार्गों की निरीक्षण रिपोर्ट फोटो सहित दो दिन के भीतर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मानसून के बाद सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर प्रशासन अब मरम्मत कार्यों को गति देने की तैयारी में है।



