बाॅक्सिंग में सी.एम.एस. छात्रों ने 2 गोल्ड एवं 2 ब्रांज मेडल पर जमाया कब्जा
टूर्नामेन्ट में अपनी खेल प्रतिभा का परचम लहराने वाले छात्रों में सारांश यादव, सम्यक सिंह, मोहम्मद अमन एवं अधित्री मिश्रा शामिल हैं।

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, आनन्द नगर कैम्पस के प्रतिभाशाली छात्रों ने आगरा में आयोजित सी.आई.एस.सी.ई. रीजनल बाक्सिंग टूर्नामेन्ट में 2 गोल्ड मेडल एवं 2 ब्रांज मेडल समेत कुल चार पदक अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। टूर्नामेन्ट में अपनी खेल प्रतिभा का परचम लहराने वाले छात्रों में सारांश यादव, सम्यक सिंह, मोहम्मद अमन एवं अधित्री मिश्रा शामिल हैं। टूर्नामेन्ट का आयोजन काउन्सिल फाॅर द इण्डियन स्कूल सार्टिफिकेट एक्जामिनेशन (सी.आई.एस.सी.ई.) के तत्वावधान में किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के चुने हुए छात्रों ने प्रतिभाग किया। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने दी है।
खन्ना ने बताया कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेन्ट में सारांश यादव ने 40 किग्रा भारवर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया जबकि सम्यक सिंह ने 42 किग्रा भारवर्ग में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इसी प्रकार, मोहम्मद अमन ने 60 किग्रा भारवर्ग में जबकि अधित्री मिश्रा ने 42 किग्रा भारवर्ग में काँस्य पदक अपने नाम किया। इस प्रकार, कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सी.एम.एस. छात्रों ने अपने दमखम व उत्कृष्ट तकनीक की बदौलत शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने का संकेत दिया है।
सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने इन प्रतिभाशाली छात्रों के उज्वल भविष्य की कामना की है। श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ उन्हें खेलों व अन्य सामाजिक क्षेत्रों के लिए भी विशेष रूप से तैयार करने में पूरे मनोयोग से संलग्न है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में अपितु खेलों व समाज के अन्य बहुतेरे क्षेत्रों में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।



