अविरल गंगा यात्रा का उत्तरकाशी में स्वागत, निकला जनजागरूकता मार्च

- राष्ट्रीय ध्वज के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने दिया गंगा संरक्षण का संदेश
- गंगा की अविरलता-निर्मलता और सामाजिक सद्भाव का लिया संकल्प
पायनियर समाचार सेवा। उत्तरकाशी। गंगोत्री से हरिद्वार तक निकाली जा रही ‘अविरल गंगा यात्रा’ का सोमवार को उत्तरकाशी में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कांग्रेस विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं तथा संगम बौद्धिक शिविर के प्रतिभागियों का जिला कांग्रेस कार्यालय में अभिनंदन किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में एक विशाल जनजागरूकता मार्च निकाला गया, जिसमें गंगा संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया। पैदल मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने गंगा को अविरल बहने दो, गंगा को स्वच्छ रहने दो सहित विभिन्न जनजागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। यात्रा में शामिल लोगों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन से संवाद किया तथा गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर सर्वधर्म सद्भाव, आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करना और लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने इन मूल्यों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। जनजागरूकता मार्च गंगा तट तक पहुंचा, जहां गंगा संरक्षण को लेकर विशेष संदेश दिया गया। इसके बाद यात्रा में शामिल लोगों ने वाल्मीकि बस्ती में पहुंचकर स्थानीय निवासियों से संवाद किया और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सभ्यता की आधारशिला है। गंगा की अविरलता और निर्मलता को बनाए रखना समाज के प्रत्येक वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अविरल गंगा यात्रा का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से गंगा संरक्षण के प्रति व्यापक जनचेतना विकसित करना है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए अविरल गंगा यात्रा के सदस्य, संगम बौद्धिक शिविर के प्रतिभागी, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान नगर क्षेत्र में गंगा संरक्षण और सामाजिक एकता के संदेश को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।



