अमरोहा में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, दो की मौत; घायलों को बचाने पहुंचे लोगों को भी वाहन ने रौंदा

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई वाहन आपस में टकरा गए।

जानकारी के अनुसार, एक परिवार मनोना धाम से बहन का इलाज कराकर चंडीगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में मैजिक वाहन के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और मैजिक एक्सप्रेसवे पर पलट गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोग और राहगीर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी श्रृंखला में टक्करें होने लगीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर बाद एक तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर भी सड़क किनारे खड़े लोगों में जा घुसा, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह हादसा अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ।

नोएडा में भी हुआ सड़क हादसा

उधर, नोएडा में महामाया फ्लाईओवर के पास एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *