पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के रहमतनगर स्थित सुतुरखाना गांव में शनिवार शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार सुतुरखाना निवासी श्रवण (45) पुत्र स्वर्गीय कुहूरू ने अपने घर में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने जब उन्हें फंदे से लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर गंगागंज चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया तथा फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।










