योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
पायनियर संवाददाता। कानपुर देहात
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) एवं योग सप्ताह (15 जून से 21 जून 2026) के सफल आयोजन के संबंध में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में माॅं मुक्तेश्वरी देवी सभागार कलेक्टेªट में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों, आयुष विभाग के प्रतिनिधियों तथा ब्रह्माकुमारी संस्था सहित विभिन्न सामाजिक एवं योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है। इस थीम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक आयु वर्ग को योग से जोड़ते हुए उन्हें शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योग सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में इस थीम को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा सभी की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा प्रस्तावित कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योग दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय के साथ-साथ तहसील, नगरीय निकाय, विकास खंड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार है, जो विशेष रूप से बढ़ती आयु में स्वास्थ्य संरक्षण का प्रभावी माध्यम बन सकता है। बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद के योग प्रशिक्षकों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत मास्टर ट्रेनिंग प्रदान की जा चुकी है। प्रशिक्षित योग शिक्षक अमृत सरोवर, शुक्ला तालाब, वृद्धाश्रम, आरोग्य मंदिर, योग एवं वेलनेस सेंटर सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर नियमित योगाभ्यास सत्रों का संचालन करेंगे।
विशेष रूप से वृद्धाश्रमों एवं वरिष्ठ नागरिक समूहों के लिए योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज संपूर्ण विश्व ने अपनाया है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योग सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की योग गतिविधियों को आयुष कवच ऐप पर अपलोड कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि योग सत्रों में प्रतिभाग करने हेतु आयुष मंत्रालय द्वारा जारी टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर कॉल कर पंजीकरण कराया जा सकता है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार योग सप्ताह के दौरान विविध जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि 15 जून 2026 को योग सप्ताह का शुभारंभ 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय, समस्त तहसीलों तथा शुक्ला तालाब, अकबरपुर में जिला प्रशासन एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत सामूहिक योगाभ्यास सत्र आयोजित होगा। कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 6ः00 बजे से 8ः00 बजे तक संचालित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने निर्देश दिए कि सभी चिन्हित स्थलों पर नियमित योगाभ्यास सत्र संचालित किए जाएं तथा उनकी सूचना समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में जनसामान्य की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह, योग नोडल अधिकारी डॉ. पवन सिंह, डॉ. आफताब आलम, डॉ. अमर सिंह, डॉ. रविंद्र सिंह, डॉ. शिवम सिंह तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) श्री आर.के. पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शासन के निर्देशानुसार वाई-ब्रेक योग (Y-Break Yoga) का अभ्यास योग प्रशिक्षक (मास्टर टेªनर) अन्नू मिश्रा द्वारा कराया गया जिसकी सराहना जिलाधिकारी द्वारा की गयी तथा सभी को अपने जीवन में योग को सम्मिलित करने की सलाह भी प्रदान की गयी। जिलाधिकारी ने कहा कि “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के तहत प्रत्येक आयु वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।










