अंकित यादव। बाराबंकी
मंगलवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रहे 14 वर्षीय कक्षा 8 के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई।घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया, पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं विद्यालय ने शोक व्यक्त करते हुए आकस्मिक अवकाश घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बंकीओमनगर निवासी 14 वर्षीय छात्र यशवर्धन तिवारी पुत्र चन्द्रका तिवारी मंगलवार सुबह रोज की तरह अपने साथी छात्र चंदन कुशवाहा के साथ साइकिल से स्कूल जा रहा था, दोनों छात्र साइकिल से स्कूल की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आए ट्रक ने यशवर्धन को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। यशवर्धन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज में भी शोक की लहर दौड़ गई। विद्यालय प्रशासन ने छात्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मंगलवार को आकस्मिक अवकाश घोषित कर दिया। शिक्षकों और छात्रों ने यशवर्धन को श्रद्धांजलि दी। नगर कोतवाली पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।










