11,000 वोल्ट लाइन की चपेट में आया मासूम

- हालत गंभीर फैजुल्लागंज के रहीमनगर दुदौली में हादसा,
- ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, हाईटेंशन लाइन को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश
पायनियर समाचार सवा
लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज स्थित रहीमनगर दुदौली के बड़ा खुदान इलाके में सोमवार सुबह छत पर खेलते समय छह साल का मासूम 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बच्चे का इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, दुदौली के बड़ा खुदान स्थित प्लॉट नंबर 17 निवासी रुद्र राय पहली कक्षा का छात्र है। सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह अपनी बहन और अन्य बच्चों के साथ घर की छत पर खेल रहा था।

इसी दौरान वह घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। रुद्र के पिता दिलीप राय गार्ड की नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।
लोगों का आरोप है कि इलाके में घरों के बेहद करीब से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों ने संबंधित जेई और एसडीओ से मामले में कार्रवाई करने के साथ ही हाईटेंशन लाइन से पैदा हो रहे खतरे को दूर करने की मांग की है।



