कपिल के शतक और साहिल के छह विकेट से यूथ क्लब 213 रन से जीता

लखनऊ । (पायनियर, खेल संवाददाता)। कपिल के. गोस्वामी (112) के शानदार शतक व कप्तान आदित्य अग्रवाल के उम्दा प्रदर्शन( नाबाद 93 रन व दो विकेट) के बाद मोहम्मद साहिल (6 विकेट) की घातक गेंदबाजी की मदद से यूथ क्रिकेट क्लब ने अंडर-16 सिराज खान मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में रॉकन स्पोर्ट्स क्लब को 213 रनों के भारी अंतर से हरा दिया।

यूथ क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवरों में 5 विकेट खोकर 296 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाजी कपिल गोस्वामी के शानदार 112 रन के बाद कप्तान आदित्य अग्रवाल ने भी नाबाद 93 और आदर्श के. तिवारी ने 67 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। रॉकन स्पोर्ट्स क्लब की ओर से अस्मित पटेल और वीरेन पी. सिंह ने एक-एक विकेट लिया।

जवाब में रॉकन स्पोर्ट्स क्लब की पूरी टीम मोहम्मद साहिल की घातक के आगे बेबस नजर आई और महज 13.3 ओवरों में 83 रनों पर ही सिमट गई। रॉकन स्पोर्ट्स क्लब के लिए सलामी बल्लेबाज अंकित यादव ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। यूथ क्रिकेट क्लब के गेंदबाज मोहम्मद साहिल ने 29 रन देकर 6 विकेट चटकाए, जबकि आदित्य अग्रवाल को दो सफलताएं मिलीं। ऑलराउंड खेल के लिए आदित्य अग्रवाल मैन ऑफ द मैच बने।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *