तेजस और सौंदर्या ने जीते आईटा चैंपियनशिप सीरीज अंडर-14 टेनिस के खिताब

लखनऊ ( पायनियर खेल संवाददाता)। उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन एवं केसरी स्पोर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में  गोमती नगर के विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में खेली गई एआईटीए चैंपियनशिप सीरीज अंडर-14 टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल में तेजस सिंह और सौंदर्या जायसवाल ने क्रमश: लड़कों व लड़कियों के सिंगल्स वर्ग का खिताब अपने नाम किया। लड़कों के अंडर-14 सिंगल्स फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त तेजस सिंह ने शीर्ष वरीय हारिस खान को 4-6, 7-5, 6-4 से शिकस्त दी। पहला सेट गंवाने के बावजूद तेजस ने शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट अपने नाम किए और उलटफेर करते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया।

लड़कियों के अंडर-14 सिंगल्स फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त सौंदर्या जायसवाल ने शीर्ष वरीय अनाया सेन को हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में सौंदर्या ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। लड़कों के अंडर-14 डबल्स वर्ग में कृष्णा सिंह और अराव शुक्ला की जोड़ी विजेता रही। फाइनल मुकाबले में उन्हें वॉकओवर मिला।

उपविजेता जोड़ी में पवित सिंह और हारिस खान शामिल रहे। प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। मिनी स्टेडियम के प्रभारी अकरम महमूद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर केसरी स्पोर्ट्स के निदेशक समित केसरी ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और अधिकारियों का आभार भी जताया।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *