यशवीर के पंजे से एलयू लेपर्ड रायबरेली व शिवम के अर्धशतक से लायन सीतापुर को मिली जीत
एलयू कप इंटरकॉलेजिएट टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में एलयू टाइगर हरदोई को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। एलयू कप इंटर कॉलेजिएट टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों में एलयू लेपर्ड रायबरेली और एलयू लायन सीतापुर ने अपने-अपने मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मंगलवार को एलडीए स्टेडियम पर खेले गए 15-15 ओवर के मुकाबले में एलयू लेपर्ड रायबरेली ने एलयू टाइगर हरदोई को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए रायबरेली की टीम ने हरदोई को 14.5 ओवर में 108 रन पर रोक दिया। हरदोई से आयुष त्रिवेदी ने 18, हर्षित प्रताप सिंह ने 16 और शाश्वत मिश्रा ने 12 रन बनाए। एलयू लेपर्ड रायबरेली के यशवीर सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2.5 ओवर में मात्र 15 रन देकर 5 विकेट झटके। जवाब में एलयू लेपर्ड रायबरेली ने 14.2 ओवर में केवल 1 विकेट खोकर 112 रन बनाकर मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। संग्राम ने 40 गेंद पर नाबाद 54 रन और गौरव सिंह ने 41 गेंदों पर नाबाद 43 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। 5 विकेट चटकाने के लिए यशवीर सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
एलयू लायन सीतापुर ने एलयू पैंथर लखीमपुर को 100 रन से हराया
लखनऊ यूनिवर्सिटी कैंपस ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में एलयू लायन सीतापुर ने एलयू पैंथर लखीमपुर को 100 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एलयू लायन सीतापुर ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 169 रन का स्कोर खड़ा किया। शिवम शुक्ला ने 50 गेंद पर 83 रन (11 चौके, एक छक्का) की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा समीर कुमार ने 27 रन बनाए। एलयू पैंथर लखीमपुर से अभय सिंह राठौर ने 2 विकेट लिए। जवाब में एलयू पैंथर लखीमपुर की पूरी टीम 15.4 ओवर में मात्र 69 रन पर ढेर हो गई। आलोक वर्मा ने 13 रन और प्रसून वर्मा ने 13 रन बनाए। सीतापुर के गेंदबाजों में कप्तान अनुज कुमार 3 विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच बने, जबकि नितिन रावत और आयुष सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए।



